बिहपुर थाना क्षेत्र के बिहपुर–जमालपुर पंचायत के वार्ड नंबर छह में सोमवार दोपहर चोरों ने एक सुनसान पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता अंजु देवी ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि एक दिसंबर की दोपहर वह अपनी बेटी के साथ घर से बाहर गई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पड़ा था और खिड़की का ग्रिल उखाड़ दिया गया था। घर में प्रवेश करने पर पता चला कि गोदरेज अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखे कीमती सामान गायब थे।
चोरों ने अलमारी से सोने की एक चेन, दो सोने की अंगूठियां, आठ जोड़ी चांदी की पायल, बीस चांदी के सिक्के, अन्य कीमती जेवर और 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति इसके पीछे हो सकता है। उनका कहना है कि पहले भी इसी व्यक्ति पर मोबाइल और नकदी चुराने का शक जताया गया था।

घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसआई संजय कुमार, विद्यानंद तिवारी, पंचायत मुखिया प्रतिनिधि और राम-जानकी ठाकुरबाड़ी के महंत नवल किशोर दास ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
क्षेत्र में ऐसे मामलों की बढ़ती घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में गश्त तेज करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

