नवगछिया पुलिस ने बिहपुर थाना क्षेत्र के मौजमा दुधैला दियारा में चल रही एक अवैध मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापामारी के दौरान दो अपराधियों को गिरफ्तार किया और मौके से बड़ी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार, देसी कट्टा, मॉस्केट, कारतूस तथा हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए।
साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि सुबह करीब 5:40 बजे बिहपुर थाना को सूचना मिली थी कि अनिल यादव के दियारा स्थित बासा में अवैध मिनीगन फैक्ट्री चलाई जा रही है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर अंचल निरीक्षक बिहपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाकर छापामारी की गई। इस टीम में थाना प्रभारी बिहपुर संतोष कुमार और डीआईयू टीम भी शामिल थे।
छापामारी के दौरान पुलिस ने अनिल यादव, जो बैकठपुर सुल्तानगंज का निवासी है, और मो. सुभान, जो विशनपुर असरगंज निवासी है, दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को मौके से एक देसी कट्टा, एक मॉस्केट, 21 जिंदा कारतूस, एक अर्द्धनिर्मित ट्रिगर, चार अर्द्धनिर्मित पिस्टल बट, छह अर्द्धनिर्मित कट्टा बैरल, कई लोहे की पट्टियाँ, रेती, हथौड़ी, इलेक्ट्रिक कटर मशीन समेत हथियार बनाने के अनेक उपकरण मिले।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। सफल छापामारी के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की संस्तुति की गई है।

