बिहपुर। मिल्की गांव में शनिवार को वृक्ष विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दोनों ओर के पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
घायलों में नीरज कुमार राय की हालत गंभीर बताई जा रही है। मारपीट के दौरान उनका हाथ टूट गया, जिसके बाद उन्हें चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए मायागंज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना को लेकर नीरज कुमार राय ने बिहपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है, जिसमें धीरज कुमार, हर्षराज कुमार समेत कुल पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवाद का समाधान करने के लिए पंचायत के मुखिया सलाहुद्दीन और सरपंच रियाज अंसारी की मौजूदगी में बैठक चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ा और लाठी-डंडों व हाथ-पांव से मारपीट शुरू हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी बिहपुर थाना में आवेदन देकर सात लोगों को नामजद करते हुए मारपीट का आरोप लगाया है। उनका भी कहना है कि झड़प में उनके कई लोग घायल हुए हैं।
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

