भागलपुर में बुधवार को बिहार पुलिस चालक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से आयोजित करने के लिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार सभी केंद्रों की निगरानी कर रही है।
जिले में कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 11,500 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी, जबकि परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 9 बजे से ही दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि किसी भी संभावित गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।

यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और कैलकुलेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से आयोजित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

