बिहपुर | प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को जीविका के तत्वावधान में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। रोजगार की तलाश में पहुंचे कुल 3180 युवक-युवतियों ने मेले में पंजीकरण कराया। मेले में 12 कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां युवाओं का रजिस्ट्रेशन किया गया।
मेले में आरसेटी और डीआरसीसी द्वारा भी स्टॉल लगाया गया, जहां युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और प्रशिक्षण से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। युवाओं को बताया गया कि किस प्रकार प्रशिक्षण प्राप्त कर वे रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ सकते हैं।
इस अवसर पर बीपीएम अरुण कुमार भारती ने कहा कि जीविका से जुड़े परिवारों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समूह की दीदियों के बेरोजगार बच्चों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।

वहीं रोजगार प्रबंधक मुमताज रहमानी ने बताया कि मेले में भाग लेने वाली कुछ कंपनियां युवाओं को सीधे रोजगार भी उपलब्ध कराएंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इससे पहले मेले का उद्घाटन जीविका के जिला प्रबंधक सुनिर्मल गरेन, प्रखंड प्रमुख रीमा देवी, बीपीआरओ काजल कुमारी, अभिषेक कुमार एवं मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।

