नवगछिया : एक महिला ने अपनी बेटी की दहेज के लिए हत्या किए जाने का गंभीर आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने भवानीपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता माला देवी (47 वर्ष) ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी की हत्या 21 दिसंबर 2025 की रात को कर दी गई। नेहा की शादी जून 2025 में भवानीपुर निवासी आर्यन कुमार से हुई थी। घटना के समय नेहा का पति आर्यन कुमार रोजगार की तलाश में करीब दस दिन पहले पंजाब गया हुआ था।

माला देवी के अनुसार, शादी के दौरान उन्होंने अपनी सामर्थ्य से अधिक दहेज दिया था। इसमें 1 लाख 10 हजार रुपये नकद, करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण तथा 14 हजार रुपये का टीवी व बर्तन शामिल थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा नेहा पर लगातार 2 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नेहा का पति आर्यन कुमार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और कई बार जान से मारने की धमकी भी देता था। माला देवी ने बताया कि नेहा के देवर आशीष कुमार, सास मासा देवी (50 वर्ष) और एक अन्य रिश्तेदार ममता कुमारी (18 वर्ष) ने मिलकर उसकी हत्या की है।

माला देवी को अपनी बेटी की मौत की जानकारी 22 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे मिली। उन्होंने पुलिस से पति आर्यन कुमार समेत सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *