नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में भवानीपुर गांव निवासी सुबोध यादव और गोलू कुमार शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
रंगरा थाना पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर उन्हें उनके घर से गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर 25 दिसंबर की शाम करीब 6:30 बजे अपराधियों ने एनएच-31 स्थित भवानीपुर टावर चौक के पास वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान पिंटू यादव (21), पिता जवाहर मंडल के रूप में हुई है। पिंटू दियारा क्षेत्र में फसल में खाद डालने के बाद घर लौट रहा था, तभी घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में चार गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया था। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

