पांच साल पहले पिता की हत्या, अब बेटे ज्योतिष कुमार को भी गोली मारकर मौत के घाट उतारा
नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया है। पचगछिया टोला निवासी ज्योतिष कुमार की मंगलवार की रात गोला टोला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
Total Downloads: 388
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योतिष कुमार के सीने में गोली लगी थी। गोली लगने की सही संख्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही थी।
पांच साल पहले पिता खोखा सिंह की भी हुई थी हत्या
मृतक ज्योतिष कुमार, नवगछिया के कुख्यात अपराधी खोखा सिंह का पुत्र था। वर्ष 2021 में अपराधियों ने उसके पिता खोखा सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय खोखा सिंह अपने भाई के साथ गांव में घूमने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोलीबारी की थी। इस घटना में खोखा सिंह के भाई को भी गोली लगी थी।

अब करीब पांच साल बाद उनके बेटे ज्योतिष कुमार की हत्या से क्षेत्र में फिर सनसनी फैल गई है। ज्योतिष तीन भाइयों में एक था। उसके भाइयों के नाम आशीष कुमार और सौरभ कुमार हैं।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
कदवा थानाध्यक्ष विक्रम कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के भाई ने पुलिस को दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से अनुसंधान प्रभावित हो सकता है।
नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतक ज्योतिष कुमार भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा था। पुलिस हत्या के कारणों सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपितों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
