नवगछिया। नवगछिया पोस्ट ऑफिस में दिनदहाड़े एक लाख रुपये की छिनतई के मामले में पुलिस ने आरोपी रामचंद्र यादव उर्फ कूबड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान 68 हजार रुपये भी बरामद किए गए थे। पुलिस अब शेष 32 हजार रुपये की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।
Total Downloads: 388
घटना 30 सितंबर 2026 की है। नीरज जायसवाल नवगछिया पोस्ट ऑफिस में एक लाख रुपये जमा करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति उनका रुपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने नवगछिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 396/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से हुई पहचान

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पोस्ट ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की। आरोपी की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज निवासी रामचंद्र यादव उर्फ कूबड़ा के रूप में हुई। वह छोटे लाल यादव का पुत्र है।
पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर 68 हजार रुपये बरामद किए। इसके बाद शेष रकम की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी थे।
13 अक्टूबर को गुप्त सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर रामचंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस छिनतई की शेष 32 हजार रुपये की राशि बरामद करने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
