नवगछिया : गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकनदपुर चौक के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 65 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आई है। यह वारदात उस समय हुई, जब शिक्षक बैंक से रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैदपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रमाशंकर सिंह बैंक से 65 हजार रुपये निकालकर मकनदपुर चौक पहुंचे थे। जैसे ही वे घर जाने के लिए टोटो पर बैठने लगे, तभी अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर उनसे रुपये छीन लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल गोपालपुर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामले में कागजी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

