नवगछिया। नवगछिया स्थित रंगरा गांव निवासी मो. जाहिद साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने ऑनलाइन ऑर्डर की पुष्टि के बहाने उनसे मात्र दो रुपये ट्रांसफर करवाए और उनके बैंक खाते से 59,999 रुपये की अवैध निकासी कर ली।
पीड़ित ने गुरुवार को नवगछिया साइबर थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
मो. जाहिद के अनुसार, यह घटना 9 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10:26 बजे की है। उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को डिलीवरी एजेंट बताते हुए कहा कि उनका एक ऑनलाइन ऑर्डर रास्ते में है और उसकी पुष्टि के लिए दो रुपये ट्रांसफर करना अनिवार्य है।

इसके बाद आरोपी ने उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। जैसे ही जाहिद ने लिंक पर क्लिक कर दो रुपये ट्रांसफर किए, उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया। कुछ ही क्षणों में उनके बैंक खाते से 59,999 रुपये निकाल लिए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल अपने बैंक को सूचित किया और नवगछिया साइबर सेल एवं स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने निकाली गई राशि की वापसी की मांग की है।
इस मामले में साइबर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साइबर सेल ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या भुगतान अनुरोध पर भरोसा न करें। साथ ही, किसी को भी ओटीपी, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है।

