नवगछिया। नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम दिनदहाड़े छीनतई की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो युवकों ने एक व्यक्ति से 200 रुपये की छीनतई कर ली। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन पुलिस के मौके पर न पहुंचने का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और डायल 112 सेवा की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर मुस्लिम टोला निवासी मोहम्मद रफीक के पुत्र इसरार नवगछिया बाजार से रुपये लेकर टोटो से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे फ्लाईओवर से नीचे उतरे, तभी दो युवकों ने उनकी जेब से 200 रुपये के नोटों का बंडल छीन लिया।
इसरार के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और छीने गए रुपये वापस दिला दिए। इसके बाद सड़क पर करीब आधे घंटे तक हंगामा होता रहा, लेकिन इस दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसी बीच पुलिस की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर पकड़ा गया आरोपी फरार हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डायल 112 सेवा की तैनाती के बावजूद समय पर पुलिस का नहीं पहुंचना चिंताजनक है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व गोपालपुर थाना क्षेत्र के मकंदपुर चौक के पास भी दिनदहाड़े एक रिटायर शिक्षक से 65 हजार रुपये की छीनतई हुई थी। उस मामले में भी पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
लगातार हो रही छीनतई की घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायल 112 सेवा केवल कागजी साबित हो रही है।
इस संबंध में रंगरा थाना प्रभारी विश्वबंधु कुमार एवं गोपालपुर थाना प्रभारी मिथलेश कुमार ने इन घटनाओं की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है।

