नवगछिया (भवानीपुर)। भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में खुलेआम फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने करीब दो मिनट के भीतर चार राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक घर से बाहर निकलने और गोली मारने की धमकी देता नजर आ रहा है।

दलित टोला निवासी राजकिशोर पासवान ने गांव के ही शिवा यादव पर केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार 27 जनवरी को आरोपी ने उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज की थी, जिसे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर शांत कराया था।

पीड़ित ने बताया कि करीब एक घंटे बाद आरोपी दोबारा लौटा और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस संबंध में भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उसी केस को वापस लेने के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था और दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर पर चढ़कर फायरिंग की गई।

घटना के बाद पीड़ित परिवार और आसपास के लोग भयभीत हैं और सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।

भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ पासवान ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, वायरल वीडियो ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस कितनी शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिला पाती है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *