नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत कदवा थाना क्षेत्र के गोला टोला गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खलिहान में सो रहे एक वृद्ध किसान पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर गला और मुंह पर वार कर किसान को मरा समझकर फरार हो गया।
घायल किसान की पहचान अरुण राम (62 वर्ष) के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उन्हें पहले नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार अरुण राम रात में खाना खाने के बाद अपने खलिहान पर सोने गए थे। इसी दौरान गांव का ही फुही मंडल वहां पहुंचा और तंबाकू की मांग की। तंबाकू देने के बाद अरुण राम ने उसे वहां से जाने को कहा। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा लौटा और अचानक दबिया (धारदार हथियार) से गला और मुंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में अरुण राम गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष नागेश्वर सिन्हा ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

