बिहपुर प्रखंड में माह-ए-रमजान के अंतिम जुमे की नमाज शुक्रवार को अदा की गई। इस अवसर पर बिहपुर, जमालपुर, बभनगामा और लत्तीपुर सहित विभिन्न जामा मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी उमड़े।
बिहपुर की जामा मस्जिद में इमाम हजरत मौलाना अबूसालेह फरीदी की अगुवाई में लोगों ने नमाज अदा की। नमाजियों ने खुदा की बारगाह में अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगीं।
प्रखंड के गौरीपुर, बभनगामा, झंडापुर, मिलकी, मोमिन टोला, हिरदीचक, नंनकार, सहौडी, लत्तीपुर, जमालपुर और औलियाबाद सहित अन्य मस्जिदों में भी जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

इस मौके पर खानका-ए-आलिया कादिरिया फरीदिया मोहब्बतिया के सज्जादानशीं हजरत अली कौनैन खां कादरी फरीदी और नायब सज्जादानशीं हजरत मौलाना अली शब्बर खां कादरी फरीदी ने बताया कि माह-ए-रमजान के जुमे की हर घड़ी में हजारों बंदों को जहन्नम से निजात मिलती है।

