नवगछिया। अनुमंडल के रंगरा प्रखंड अंतर्गत बनिया वैसी पंचायत में पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) लाइसेंस को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पंचायत निवासी निवास कुमार ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर अनिल कुमार रजक को लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
Total Downloads: 161
दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अनिल कुमार रजक के नाम पर पहले से खाद-बीज का लाइसेंस, बैंक ऑफ इंडिया का सीएसपी तथा एक आटा चक्की संचालित है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पीडीएस लाइसेंस प्राप्त करने के लिए रजक ने अपनी आटा चक्की का बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से कटवा लिया है, जिसे बाद में फिर से चालू करने की आशंका है।
निवास कुमार ने यह भी दावा किया है कि पूर्व में हुई एक जांच में अनिल कुमार रजक को दोषी पाया गया था। इसके बावजूद, आरोप है कि रंगरा प्रखंड के एक पदाधिकारी द्वारा पैसे लेकर उनके पक्ष में लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

आवेदन में रजक के सामाजिक व्यवहार पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनका रवैया आम लोगों के प्रति संतोषजनक नहीं है। जनहित का हवाला देते हुए निवास कुमार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अनिल कुमार रजक के आवेदन को खारिज कर किसी योग्य एवं निष्पक्ष व्यक्ति को पीडीएस लाइसेंस दिया जाए।
हालांकि, इस मामले में संबंधित पक्ष या प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है।
