खरीक थाना क्षेत्र के खरीक बाजार स्थित एक निजी स्कूल में वैन चालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना शनिवार देर रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान खरीक बाजार निवासी जागेश्वर चौधरी के करीब 45 वर्षीय पुत्र डब्लू चौधरी के रूप में हुई है। रविवार सुबह जब स्कूल संचालक और कर्मचारी पहुंचे, तब इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नरेश कुमार मौके पर पहुंचे और बरामदे की छत में लगे हुक से लटके शव को नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के पारिवारिक जीवन में लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया गया कि वह नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके कारण उसकी पत्नी प्रीतम देवी बच्चों के साथ नारायणपुर स्थित अपने मायके में रहती थी। पिछले करीब 10 वर्षों से दोनों के बीच विवाद जारी था और कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक तनाव के कारण ही उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पत्नी और बच्चे जब मौके पर पहुंचे तो उनके चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....