नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत दयालपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास रविवार रात करीब 9:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के शाहपुर नवटोलिया निवासी सुजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो भिखारी तांती के पुत्र थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजीत अपने चचेरे साले की शादी में शामिल होने के लिए दयालपुर स्थित ससुराल आया हुआ था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात निकलने की तैयारी थी। इसी बीच वह बिना बताए अपनी अपाची बाइक से खरीक की ओर निकल गया। दयालपुर चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ देर पहले तक गीत-संगीत गूंज रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं सुजीत की पत्नी गहरे सदमे में है।
बताया गया कि सुजीत की शादी महज एक माह पूर्व 11 मार्च 2026 को हुई थी। बारात निकलने ही वाली थी कि यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बार-बार बेहोश हो रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

