नवगछिया | अनुमंडल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को डॉक्टर से दिखाने तक के लिए लंबी और जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। आलम यह है कि कई मरीज घंटों इंतजार के बाद भी बिना उपचार के लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गार्ड अपनी ड्यूटी पर तैनात रहने के बजाय परिसर में इधर-उधर घूमते या अन्य कार्यों में व्यस्त रहते हैं। वे ड्रेस कोड का भी पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ महिला गार्ड प्रसव के लिए आई मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों की ओर भेजने का प्रयास करती हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

इस मामले पर आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में न तो उचित मार्गदर्शन की व्यवस्था है और न ही प्रभावी निगरानी, जिससे अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकेश कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका पक्ष नहीं मिल सका।

