नवगछिया पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हथियार प्रदर्शन और फायरिंग के वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार संस्कृति और अपराधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस जिला नवगछिया की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में शादी समारोह के दौरान 2-3 युवक खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे थे।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर वायरल वीडियो का सत्यापन कराया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि यह वीडियो दिसंबर माह में गोसाई गांव निवासी प्रिंस कुमार की बहन की शादी समारोह का है। समारोह के दौरान कुछ युवकों ने खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करते हुए फायरिंग की थी, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 173/26 दर्ज कर चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य संदिग्ध युवकों की पहचान करने और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं।

एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि शादी, बारात या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में अवैध हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर दिखावे और दबंगई के लिए हथियारों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है। वहीं आम लोगों ने नवगछिया पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *