भागलपुर में देर रात आई तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खंजरपुर इलाके में तेज हवा के कारण ताड़ का पेड़ एक घर पर गिर गया, जिससे मकान की छत ढह गई। मलबे में दबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चार बच्चे घायल हो गए। मृतक की पहचान नकुल यादव (35) के रूप में हुई है। घटना बरारी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

Whatsapp group Join

सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत

मृतक के छोटे भाई सुमन कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी के बीच ताड़ का पेड़ सीधे मकान पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही घर की छत भरभराकर टूट गई और पूरा परिवार मलबे में दब गया।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य किसी तरह बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए, लेकिन नकुल यादव काफी देर तक मलबे के नीचे दबे रहे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी।

मजदूरी कर चलाते थे परिवार

परिजनों के अनुसार नकुल यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में पत्नी और चारों बच्चों को हल्की चोटें आई हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक का पैतृक घर घोघा क्षेत्र में है, जबकि परिवार पिछले कई वर्षों से खंजरपुर इलाके में रह रहा था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights