नवगछिया: विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा तथा बाल भारती विद्यालय, नवगछिया के संयुक्त तत्वावधान में 3 जून को एक भव्य साइक्लिंग रैली का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और फिट जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
Total Downloads: 203
आयोजकों ने बताया कि रैली का शुभारंभ बुधवार, 3 जून को सुबह 6:30 बजे बाल भारती विद्यालय, गोशाला रोड, नवगछिया से होगा। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी और पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न होगी।
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि साइकिल एक सस्ता, सुलभ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन है। नियमित साइकिल चलाने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि प्रदूषण को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। इसी उद्देश्य से विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। रैली के माध्यम से लोगों को फिट रहने, पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने और स्वस्थ आदतों को अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
इस आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा ने नगरवासियों से इस जन-जागरूकता अभियान में शामिल होकर स्वस्थ, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया है।
