नवगछिया: नवगछिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में हमसफर एक्सप्रेस से उतर रहे एक अज्ञात वृद्ध यात्री की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दिल्ली से कटिहार जा रही हमसफर एक्सप्रेस नवगछिया स्टेशन पहुंची थी।
Total Downloads: 61
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन से उतरने के दौरान वृद्ध यात्री का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म के समीप गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद आरपीएफ और रेलवे पुलिस के अधिकारी सक्रिय हो गए। आरपीएफ इंस्पेक्टर तथा अन्य कर्मियों के सहयोग से घायल वृद्ध को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है। वह फुल पैंट और शर्ट पहने हुए था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। नियमानुसार शव को पहचान के लिए अगले 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है। जीआरपी आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
