सुल्तानगंज। नगर परिषद कार्यालय में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके आवास पर न्यायालय के आदेश से इश्तेहार चिपकाया है। हत्या कांड में नामजद उपसभापति नीलम देवी तथा उनके पुत्र मनीष कुमार और अंकित कुमार घटना के बाद से फरार चल रहे हैं।
शुक्रवार को सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बायपास रोड स्थित आरोपियों के घर पहुंची। न्यायालय के निर्देशानुसार ढोल-नगाड़े के साथ इश्तेहार चस्पा कर आरोपियों को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया।
नगर परिषद कार्यालय में हुई थी सनसनीखेज गोलीबारी
गौरतलब है कि 28 अप्रैल की शाम नगर परिषद कार्यालय परिसर में हुई गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल नगर सभापति राजकुमार गुड्डू ने इलाज के दौरान पटना में दम तोड़ दिया था। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामधनी यादव को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। वहीं सन्नी यादव, अमित यादव, मटूकी मंडल, विपिन कुमार समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मृतकों के परिजनों के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन नीलम देवी और उनके दोनों पुत्र अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम की भी घोषणा की जा चुकी है।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने कहा कि यदि फरार आरोपी 6 जुलाई तक न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सुल्तानगंज के सबसे चर्चित आपराधिक मामलों में से एक माना जा रहा है और पुलिस लगातार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

