भागलपुर/नवगछिया: विक्रमशिला सेतु के एक्सपेंशन ज्वाइंट के बीच गैप बढ़ने की खबरों के बीच पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सेतु पूरी तरह सुरक्षित है और एक्सपेंशन ज्वाइंट में किसी प्रकार की नई वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि हल्के वाहनों का परिचालन पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है और यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है।

मंत्री ने बताया कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद विभागीय अभियंताओं को तत्काल स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान एक्सपेंशन ज्वाइंट की भौतिक मापी, ड्रोन फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से तकनीकी परीक्षण कराया गया। जांच में भागलपुर की ओर ज्वाइंट का गैप औसतन 90 से 100 मिमी तथा नवगछिया की ओर 40 से 50 मिमी पाया गया, जो पूर्व की स्थिति के अनुरूप है।

मई में क्षतिग्रस्त हुआ था स्पैन

मंत्री ने बताया कि 3 मई की मध्यरात्रि में पुल के पिलर संख्या 2 और 3 के बीच 34 मीटर लंबा सस्पेंडेड हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद IIT Patna की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सीमा सड़क संगठन (BRO) से सहयोग मांगा गया और पुल के ऊपर चार बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया। विभाग लगातार पुल की निगरानी कर रहा है ताकि आवागमन प्रभावित न हो।

बेली ब्रिज पर जारी है आवागमन

जितेंद्र कुमार ने कहा कि विक्रमशिला सेतु और बेली ब्रिज पर यातायात सामान्य रूप से जारी है। बुधवार को पुल में किसी नई दरार या संरचनात्मक क्षति की कोई घटना नहीं हुई।

चौथे दिन भी लगा लंबा जाम

हालांकि परिचालन शुरू होने के बाद चौथे दिन भी लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। नवगछिया से भागलपुर जाने वाली लेन में पोल संख्या 95 से लेकर बेली ब्रिज तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। दूध, सब्जी और यात्री वाहनों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। कई लोगों ने पैदल पुल पार किया।

स्थानीय निवासी रंजीत यादव ने कहा कि यदि किसी मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़े या एम्बुलेंस जाम में फंस जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने नाव सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की।

पुलिसकर्मी भी सुविधाओं के अभाव से परेशान

पुल पर यातायात नियंत्रण के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तेज आंधी-तूफान में अस्थायी टेंट क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पुलिसकर्मी खुले आसमान के नीचे ड्यूटी करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों और यात्रियों के लिए पेयजल व छाया की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।

गैप वाले हिस्से पर की गई वेल्डिंग

बुधवार को पिलर संख्या 121 और 122 के बीच स्थित एक्सपेंशन ज्वाइंट के ऊपर लोहे की शीट रखकर वेल्डिंग की गई। इंजीनियरों की टीम ने पहले मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच की और इसके बाद गैप वाले हिस्से को ढकने का काम शुरू कराया। बताया गया कि यह कार्य सुरक्षा और सतत निगरानी के तहत किया गया है।

प्रशासन अलर्ट मोड में

जाम की समस्या को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, भागलपुर प्रशासन तथा दोनों जिलों के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुल के दोनों छोर पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि यातायात व्यवस्था नियंत्रित रखी जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....