नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत फरार चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई रंगरा और भवानीपुर थाना पुलिस द्वारा विशेष छापेमारी अभियान चलाकर की गई।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 जून 2026 को रंगरा थाना पुलिस ने कांड संख्या 105/24, धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 में फरार चल रहे अभियुक्त अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। वह सुरवारी सिंह के पुत्र हैं और रंगरा थाना क्षेत्र के सोहरा गांव के निवासी हैं।
वहीं भवानीपुर थाना पुलिस ने भी अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कांड संख्या 49/25, धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 में फरार दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में रूपेश कुमार और सुनील शर्मा शामिल हैं। दोनों भवानीपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

