नारायणपुर प्रखंड के सतीशनगर में गुरुवार को सांड के हमले में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किसान की पहचान नागेश्वर सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, खेत में फसल को नुकसान पहुंचा रहे सांड को भगाने के लिए नागेश्वर सिंह गए थे। इसी दौरान सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें पटक दिया और सींग से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं से लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

