नवगछिया के प्रतिभाशाली छात्रों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीए परीक्षा के घोषित परिणाम में नवगछिया की खुशी भुडोलिया और नगरह निवासी अमन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों का प्रदर्शन इस बार सराहनीय रहा। उन्होंने जानकारी दी कि खुशी भुडोलिया ने परीक्षा में कुल 300 अंक प्राप्त किए हैं। खुशी व्यवसायी मुरारी भुडोलिया और कंचन भुडोलिया की पुत्री हैं। उनकी सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


वहीं, नवगछिया के नगरह निवासी अमन कुमार ने भी सीए परीक्षा उत्तीर्ण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमन ने बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज से स्नातक वाणिज्य की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में वह दिल्ली स्थित नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) में अकाउंट सेक्शन में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
अमन के पिता प्रो. अमरजीत सिंह बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज में परीक्षा नियंत्रक हैं। उन्होंने बताया कि अमन ने मैट्रिक की पढ़ाई पूर्णिया भट्ठा हाई स्कूल से तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा पूर्णिया कॉलेज से पूरी की थी।
सीआईसीएएसए के अनुसार, भागलपुर क्षेत्र से विभिन्न ग्रुपों में परीक्षा देने वाले 75 छात्रों में से 14 छात्रों ने सफलता हासिल की है। खुशी और अमन की उपलब्धि पर शिक्षकों, परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

