नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानी दास टोला में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बच्ची की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है, जो पिंकू शाह और ललिता देवी की पुत्री थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी कुमारी अन्य लोगों के साथ गंगा नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह नहाते-नहाते गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
बच्ची को पानी में संघर्ष करते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, बावजूद इसके उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार लक्ष्मी कुमारी का परिवार गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों में शामिल है। परिवार में माता-पिता के अलावा दो बहन और दो भाई हैं। बच्ची की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने गंगा नदी और अन्य जलस्रोतों में स्नान के दौरान बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ जाता है, ऐसे में बच्चों को अकेले या बिना निगरानी के नदी में नहीं जाने देना चाहिए।

