नवगछिया पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए हर्ष फायरिंग के वीडियो मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई रायफल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Total Downloads: 105
जानकारी के अनुसार, 7 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक व्यक्ति अंतिम संस्कार के दौरान रायफल से हर्ष फायरिंग करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी बमबम यादव के रूप में हुई। इसके बाद परबत्ता थाना में कांड संख्या 81/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।

शनिवार को पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी बमबम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रायफल भी बरामद कर ली गई। पुलिस अब बरामद हथियार के लाइसेंस सहित अन्य कानूनी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने सोमवार को कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की अपील की।
नवगछिया पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध हथियारों के प्रदर्शन और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाली घटनाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
