खरीक में लड़की को हथियार के बल पर बाइक पर बैठाने का प्रयास, विरोध करने पर फायरिंग; एक गिरफ्तार
नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरपुर गांव में एक लड़की को हथियार का भय दिखाकर मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाने का प्रयास करने और विरोध करने पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा गांव निवासी हेमंत कुमार, पिता जितेन्द्र सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को खरीक थाना को सूचना प्राप्त हुई कि खैरपुर गांव में मोटरसाइकिल सवार कुछ अज्ञात युवक एक लड़की को हथियार का भय दिखाकर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास कर रहे हैं। लड़की द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपियों ने फायरिंग भी की।
ग्रामीणों के सहयोग से एक आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद खरीक थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मामले में संलिप्त एक आरोपी हेमंत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर खरीक थाना कांड संख्या 233/26 दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अग्रतर कार्रवाई कर रही है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
