नवगछिया/भागलपुर: आंधी और बारिश के बीच सोमवार को विक्रमशिला सेतु पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवा के कारण सेतु पर लगा एक पोल अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी विनय ईश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनय बाइक से विक्रमशिला सेतु होकर गुजर रहे थे, तभी तेज आंधी के दौरान पोल उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

तेज आंधी और बारिश के दौरान विक्रमशिला सेतु पर हुई इस घटना ने सेतु पर लगे पोलों और अन्य संरचनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

