खरीक: चार माह से फरार चल रहे चर्चित दोहरे हत्याकांड के आरोपी को परबत्ता थाना पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोरवा गांव निवासी धर्मवीर मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 4 मार्च को प्रेम-प्रसंग को लेकर अपराधियों ने खगड़िया जिले के भौरकाठ निवासी गुलशन मंडल और नीरज मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात में उनका दोस्त अजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था।

पुलिस के अनुसार, होली के दौरान अजेश कुमार अपने दोनों दोस्तों के साथ अपनी प्रेमिका से मिलने बोरवा गांव आया था। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से धर्मवीर मंडल फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।

