नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना क्षेत्र स्थित वैसी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। घर के आंगन में चार्जिंग पर लगे टोटो (ई-रिक्शा) के संपर्क में आने से मासूम की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान वैसी गांव निवासी शिवम कुमार, पिता मंटू शाह, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घर के आंगन में टोटो चार्जिंग पर लगा हुआ था। इसी दौरान शिवम किसी तरह चार्जर या बिजली के खुले तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन मनीष कुमार ने बताया कि बच्चे को बिजली की चपेट में देखकर तुरंत लाठी की सहायता से उसे करंट के संपर्क से अलग किया गया। इसके बाद गंभीर अवस्था में उसे नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रंगरा थाना अध्यक्ष विश्व बंधु कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद वैसी गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने घरों में बिजली के उपकरणों और चार्जिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

