नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गनौल गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के समीप स्थित बांसबाड़ी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की एक आंख फूटी हुई मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गनौल गांव निवासी गुड्डू ठाकुर के पुत्र कृष्णा ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कृष्णा करीब 10-12 दिन पहले कानपुर से अपने घर आया था और मंगलवार को वापस जाने वाला था। रविवार शाम लगभग छह बजे वह घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने रात करीब 12 बजे तक उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह करीब चार बजे उसकी मां घर से सटी बांसबाड़ी में गाय के लिए चारा लेने गईं। इसी दौरान उनकी नजर बेटे के शव पर पड़ी। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है। उसकी एक आंख फूटी हुई मिली, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया।

भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा गया है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की भी मदद ली जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

deneme bonusu