खरीक (नवगछिया): खरीक थाना क्षेत्र के जमालदीपुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दौड़ का अभ्यास कर रहे युवक की ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को 14 नंबर लत्तीपुर चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए।
मृतक की पहचान जमालदीपुर गांव निवासी मंचन कुमार, पिता गोकुल मंडल, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंचन कुमार प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह सेना और रोजगार की तैयारी के लिए दौड़ लगाने निकले थे। इसी दौरान जमालदीपुर और क्रहरू गांव के बीच मिट्टी लदे एक अनियंत्रित ओवरलोड ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया।
चालक और ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने पकड़ा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल मंचन कुमार को तत्काल खरीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


लत्तीपुर चौक पर घंटों जाम
युवक की मौत की खबर फैलते ही जमालदीपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण 14 नंबर लत्तीपुर चौक पर जुट गए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओवरलोड ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय मुखिया गणेश मंडल ने कहा कि खरीक और आसपास के क्षेत्रों में मिट्टी लदे ओवरलोड ट्रैक्टर बेखौफ होकर दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा अवैध और ओवरलोड ट्रैक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की।
पुलिस मौके पर डटी रही
समाचार लिखे जाने तक पुलिस बल घटनास्थल पर तैनात था और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।
