बेटे ने जिंदा सांप बोतल में बंद कर पहुंचाया अस्पताल

नवगछिया। नवगछिया प्रखंड के कदवा प्रतापनगर गांव में खेत में काम कर रहे 65 वर्षीय रुदल राय को सांप ने डस लिया। घटना के बाद उनके पुत्र विवेक कुमार ने बिना समय गंवाए घायल पिता को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनका समय पर उपचार शुरू हो सका।

इस घटना की सबसे खास बात यह रही कि विवेक कुमार ने अपने पिता को डसने वाले सांप को सावधानीपूर्वक एक बोतल में बंद कर अस्पताल भी साथ ले गए। अस्पताल में बोतल के भीतर जिंदा सांप को देखकर मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया।

डॉक्टरों को दिखाया जिंदा सांप

विवेक कुमार ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों को बताया कि इसी सांप ने उनके पिता के बाएं हाथ में काटा है। इसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, रुदल राय की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

झाड़-फूंक में समय नहीं गंवाया

विवेक कुमार ने बताया कि उन्होंने किसी तरह की झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय सीधे अस्पताल पहुंचने का फैसला किया। इसी वजह से उनके पिता का समय पर इलाज संभव हो सका। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप काटने की स्थिति में बिना देर किए मरीज को अस्पताल पहुंचाएं।

डॉक्टरों की अपील

चिकित्सकों ने भी लोगों से आग्रह किया कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के भरोसे न रहें। यदि सुरक्षित हो तो केवल सांप की तस्वीर लें, लेकिन उसे पकड़ने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे खुद और दूसरों की जान खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में तत्काल अस्पताल पहुंचकर इलाज कराना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *