नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने दियारा क्षेत्र में फसल लूट की बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से अवैध हथियार, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
Total Downloads: 224
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक मास्केट, 31 जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दियारा क्षेत्र में किसानों के बीच दहशत फैलाकर फसल लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही रोक दी गई।
एसडीपीओ अनिकेत अमर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार, शराब तस्करी या अपराध की योजना की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
