// Source - https://stackoverflow.com/q/22402777 // Posted by Jumpoy // Retrieved 2026-07-19, License - CC BY-SA 3.0Space Clicker

Clicks: 0

बिहपुर। “छोड़ेंगे ना तेरा साथ ओ साथी, मरते दम तक…” यह फिल्मी गीत बिहपुर प्रखंड के एक बुजुर्ग दंपती के जीवन में सच साबित हो गया। पति की मौत की खबर सुनने के कुछ ही देर बाद पत्नी ने भी अंतिम सांस ले ली। इस मार्मिक घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया और लोग उनके अटूट प्रेम को नमन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बिहपुर प्रखंड की बिहपुर दक्षिण पंचायत के सोनवर्षा वार्ड संख्या-7 निवासी 85 वर्षीय कृष्णकांत कुंवर उर्फ फेको हजारी की शुक्रवार शाम तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए खरीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच, मायागंज रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार देर शाम करीब 7:45 बजे उनका निधन हो गया।

परिजनों ने फोन पर उनके निधन की सूचना घर पर मौजूद उनकी 72 वर्षीय पत्नी रुक्मिणी देवी को दी। जीवनसाथी के निधन का समाचार सुनते ही वह गहरे सदमे में आ गईं और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी अपने प्राण त्याग दिए। पति-पत्नी की कुछ घंटों के अंतराल में हुई मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस घटना को प्रेम, समर्पण और अटूट रिश्ते की दुर्लभ मिसाल बताया। मुखिया नीना रानी, प्रवीण उर्फ फोर्ड, अजय उर्फ लाली कुंवर, सरपंच निशा देवी और पैक्स अध्यक्ष गोपाल कुंवर ने कहा कि इस घटना की जानकारी जिसने भी सुनी, वह भावुक हो गया। उन्होंने दंपती के परस्पर प्रेम और जीवनभर के साथ को नमन किया।

पूर्व प्रमुख अरविंद चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि शिव कुंवर और शिक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि लोग अक्सर साथ निभाने की बातें करते हैं, लेकिन फेको हजारी और रुक्मिणी देवी ने अपने जीवन से यह साबित कर दिया कि उनका रिश्ता कितना गहरा और पवित्र था।

शनिवार को जब पति-पत्नी की अंतिम यात्रा एक साथ घर से निकली तो पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल था। ग्रामीणों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी।

परिजनों के अनुसार, दंपती अपने पीछे दो पुत्र, चार पुत्रियां तथा पोते राहुल, सोनू और नित्यम सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *