नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के परबत्ता थाना क्षेत्र में कुट्टी मशीन से चारा काटने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। छोटी परबत्ता गांव में मशीन की चपेट में आने से एक युवक का बायां हाथ गंभीर रूप से कट गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
Total Downloads: 3
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटी परबत्ता गांव निवासी ढोली कुमार यादव के पुत्र छोटू कुमार अपने घर पर पशुओं के लिए कुट्टी मशीन से चारा काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका बायां हाथ मशीन में फंस गया। देखते ही देखते मशीन की चपेट में आने से उनका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया और वह दर्द से चीखने लगे।
युवक की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत मशीन बंद कर उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया।

अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया। फिलहाल मायागंज अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि कृषि एवं पशुपालन में उपयोग होने वाली कुट्टी मशीन और अन्य कृषि उपकरणों का संचालन करते समय थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से मशीन चलाते समय सुरक्षा उपायों का पालन करने, ढीले कपड़े न पहनने और हाथों को ब्लेड के पास न ले जाने की अपील की, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
