नवगछिया। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित बाबा बिसुराउत सेतु का संपर्क फोरलेन मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कदवा गोला टोला (पंचगछिया) के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के बाद जलजमाव से हर दिन वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लगभग हर सप्ताह दो से तीन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है।

कदवा गोला टोला के पास संपर्क पथ पर कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जिससे बाइक सवारों समेत अन्य वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ जाती है।

स्थानीय निवासी मुन्ना मंडल, योगेश कुमार, राहुल हरिजन, प्रदीप कुमार और मीना देवी ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं, जबकि कई लोग मामूली चोट लगने के बाद घर लौट जाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या बढ़ गई है। फिसलन के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ना आम हो गया है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। इस संबंध में जदयू नेता प्रशांत कुमार कन्हैया ने भी पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर सड़क की जर्जर स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।

पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाबा बिसुराउत सेतु एवं संपर्क पथ के पांचवें, छठे और सातवें किलोमीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि सड़क के संधारण कार्य को ओपीआरएमसी फेज-3 (29B) में शामिल किया गया है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।

फिलहाल इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों लोगों को खराब सड़क के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विभागीय प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और सड़क की मरम्मत शुरू होने से दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *