अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समारोह, छात्रों से मेहनत और संस्कारयुक्त शिक्षा का संदेश
Total Downloads: 9
नवगछिया: नवगछिया में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय का उद्घाटन बेगूसराय से वर्चुअल माध्यम के जरिए हुआ। उद्घाटन के साथ ही विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों की गूंज के बीच इस नई शुरुआत का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह में डीसीएलआर सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार दास और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा विद्यालय की प्राचार्य विनीता राय, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राणा, शिक्षक प्रकाश कुमार, अमितेश कुमार, मो. अख्तर आलम, पवन कुमार, डॉ. अमिता रानी, डॉ. संयुक्ता कुमारी सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी विकसित समाज की मजबूत नींव होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरस्वती विद्या निकेतन विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से भी समृद्ध करेगा।
अतिथियों ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही युवा समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान और स्वागत किया गया। नए विद्यालय के शुभारंभ को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अंत में विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
