एसपी से युवक ने लगाई सुरक्षा की गुहार

सिमरा निवासी ने गांव के युवक पर हथियार तानने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

नवगछिया: नवगछिया के सिमरा वार्ड संख्या-6 निवासी नीतिश झा उर्फ बबलू झा ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवगछिया को आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने गांव के राजीव मंडल पर तीसरी बार जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, 18 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे नीतिश झा सिमरा गांव में आयोजित एक छत ढलाई के भोज में शामिल होने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान राजीव मंडल ने अपनी कमर से हथियार निकालकर उन पर तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद नीतिश झा किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचे।

पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है। उन्होंने दावा किया कि 24 मार्च 2025 को उन पर हुई गोलीबारी की घटना में भी राजीव मंडल आरोपी था, जिसमें उनकी पीठ में गोली लगी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार उन्हें धमका रहा है।

नीतिश झा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी उन्होंने उसी रात नवगछिया थाना पुलिस को दी थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

आवेदन में उन्होंने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।

वहीं, इस मामले में नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन और पुलिस के आधिकारिक बयान पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *