उच्च न्यायालय के निर्देश पर जांच में खुलासा, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

नवगछिया: शिक्षक नियोजन में फर्जी अंकपत्र प्रस्तुत कर नौकरी हासिल करने के मामले में बिहपुर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच और पटना उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में की गई।

पुलिस के अनुसार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, प्रक्षेत्र भागलपुर के पुलिस निरीक्षक ईश्वर चौधरी ने बिहपुर थाना में आवेदन देकर बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के तहत नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कराया जा रहा था।

जांच के दौरान आरोपी विवेक कुमार द्वारा शिक्षक नियोजन के समय प्रस्तुत बिहार प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का अंकपत्र बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से सत्यापित कराया गया, जिसमें वह फर्जी पाया गया।

इसके बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के आवेदन पर बिहपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने गौरीपुर निवासी बच्ची राम के पुत्र विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *