युवाओं का प्रदर्शन, 500 से अधिक छात्र-शिक्षक सड़कों पर उतरे

शांतिपूर्ण रैली निकालकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

नवगछिया: नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले के विरोध में शुक्रवार को नवगछिया अनुमंडल के ढोलबज्जा में युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चले इस शांतिपूर्ण आंदोलन में 500 से अधिक छात्र, शिक्षक, पूर्व सैनिक और स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

आंदोलन से पहले रैली की अनुमति नवगछिया एसडीएम से ली गई थी। अनुमति मिलने के बाद यूको बैंक, ढोलबज्जा बाजार से रैली की शुरुआत हुई। रैली गांधी चौक, मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक और सुभाष चौक होते हुए पंचायत भवन पहुंची। पूरे मार्ग में युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर पेपर लीक के विरोध में नारेबाजी की और प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों अभ्यर्थियों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे न केवल युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता भी सवालों के घेरे में आ जाती है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

पूरे प्रदर्शन के दौरान ढोलबज्जा थाना और नवगछिया पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस की निगरानी में रैली और सभा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

यह आंदोलन युवा मोर्चा, ढोलबज्जा के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्रांति कुमार यादव, संजय कुमार यादव, पूर्व सैनिक दिवाकर कुमार भूषण, पूर्व एयर फोर्स कर्मी बृजेश कुमार, रामानंद सागर, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार, सुजीत कुमार, राहुल कुमार और शंभू कुमार सहित सैकड़ों छात्र, शिक्षक और स्थानीय युवा मौजूद रहे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *