अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता और जनशिकायतों के त्वरित निपटारे पर दिया विशेष जोर
Total Downloads: 70
नवगछिया। भागलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने गुरुवार को नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की समीक्षा, अनुसंधान की प्रगति और कार्यालय व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। कार्यालय पहुंचने पर सशस्त्र पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने अपराध पंजी, लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई सहित कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों के कारणों की जानकारी ली और सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजी ने कहा कि पुलिस अभिलेखों का नियमित एवं सुव्यवस्थित संधारण प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। उन्होंने अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण करने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, पुलिस की जवाबदेही बढ़ाने तथा जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके अलावा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन और उपलब्ध संसाधनों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
आईजी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग और प्रभावी अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
इस अवसर पर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, एसडीएम रोहित कर्दम, एसडीपीओ अनिकेत अमर सहित अनुमंडल के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
