नारायणपुर। श्रावणी मेले की पहली सोमवारी को लेकर नारायणपुर प्रखंड के मधुरापुर जहाज घाट और बलहा शिव मंदिर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने दोनों घाटों पर व्यापक इंतजाम किए हैं।
Total Downloads: 287
हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रावण मास की पहली सोमवारी पर हजारों की संख्या में डाक बम और बोल बम कांवड़िये रविवार देर रात से ही मधुरापुर और बलहा गंगा घाटों पर पहुंचने लगे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ बाबा ब्रजलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, मड़वा में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए रवाना हो रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मधुरापुर, बलहा और भ्रमरपुर में जगह-जगह डाक बमों की सेवा, विश्राम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नारायणपुर के अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि पहली सोमवारी के मद्देनजर दोनों गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। घाटों पर बांस की बैरिकेडिंग की गई है तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित रहे।
उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए आपदा मित्र अनिल दास, कुमार दिलशान, अजीत कुमार और मोहन कुमार को घाटों पर तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहा है, ताकि पहली सोमवारी का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
