नवगछिया: नवगछिया प्रखंड के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित सिंघिया मकंदपुर के श्री लाल जी मध्य विद्यालय में सोमवार को एक बड़ी लापरवाही सामने आई। कक्षा में जाने के दौरान एक छात्रा फिसलकर गिर गई और बरामदे में खुले में पड़े धारदार चदरे की चपेट में आने से उसका हाथ बुरी तरह कट गया। अधिक रक्तस्राव होने के कारण छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल छात्रा की पहचान सिंघिया मकंदपुर निवासी दीपक कुमार की पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तत्काल छात्रा को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

घायल छात्रा के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। छात्रा के पिता दीपक कुमार ने बताया कि विद्यालय के बरामदे में धारदार चदरा खुले में पड़ा हुआ था। कक्षा में जाते समय साक्षी फिसलकर उसी पर गिर गई, जिससे चदरे के नुकीले हिस्से से उसके हाथ में गहरा जख्म हो गया और काफी रक्तस्राव होने लगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और घटना के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल भी नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि धारदार चदरा छात्रा के शरीर के किसी अन्य हिस्से में लगता तो इससे और भी बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल साक्षी कुमारी का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *