नवगछिया: सावन के पावन महीने में गौशाला शिवालय में पूजा करने आई एक चार वर्षीय बच्ची सड़क हादसे का शिकार हो गई। मंदिर परिसर के पास एक अज्ञात टोटो चालक ने वाहन पीछे करते समय लापरवाही से बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायल बच्ची का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।

घायल बच्ची की पहचान भवानीपुर निवासी राजीव यादव की चार वर्षीय पुत्री सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सृष्टि अपनी मां के साथ सावन के अवसर पर भगवान शिव की पूजा करने गौशाला शिवालय आई थी। इसी दौरान मंदिर परिसर के पास एक टोटो चालक वाहन को पीछे कर रहा था। लापरवाही से वाहन पीछे करने के दौरान टोटो बच्ची से टकरा गया, जिससे वह सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायल बच्ची को उठाकर नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घायल बच्ची के रिश्तेदार बम-बम कुमार ने बताया कि सृष्टि उनके साढ़ू की बेटी है और अपनी मां के साथ पूजा करने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि टोटो चालक ने वाहन पीछे करते समय बच्ची को टक्कर मारी और बिना रुके मौके से फरार हो गया।

इधर, नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *