नवगछिया: बाबा सिंहेश्वर धाम में जलाभिषेक करने जा रहे एक परिवार की बाइक सोमवार को नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हो गई। जियो पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रही बलेनो कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में पति-पत्नी और उनकी 10 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
Total Downloads: 79
घायलों की पहचान मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के एकधारा गांव निवासी दिलखुश मंडल (34), उनकी पत्नी पूजा देवी (25) और पुत्री अनुष्का कुमारी (10) के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार महादेवपुर घाट, नवगछिया से गंगाजल लेकर बाबा सिंहेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जियो पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही बलेनो कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दिलखुश मंडल और उनकी बेटी अनुष्का कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। दिलखुश मंडल के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अनुष्का के पैर में भी फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। वहीं, पूजा देवी का इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है।
डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी राहुल राज ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बलेनो कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
